शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आइजीएमसी की सड़क सुबह टूट गई। अब अस्पताल के एमआरआइ, न्यू बिल्डिंग, फ्लू ओपीडी को जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यहां परिसर में पार्क दर्जनों गाड़ियां फंस गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह अचानक सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर खाई में गिर गया। लक्कड़ बाजार से आईजीएमसी जाने वाले मार्ग से अस्पताल के लिए यह एक संपर्क मार्ग है। यह मार्ग से फ्लू ओपीडी, कोविड वार्ड, एमआरआइ, एक्सरे, ब्लड बैंक के लिए जाता है। लेकन रविवार सुबह अचानक साफ मौसम में सड़क धंस कर गिर गई।

यहां पर पार्किंग का काम चला हुआ है। जिस कारण खुदाई का काम भी चला हुआ है। खोदाई अधिक होने से सड़क कमजोर पड़ गई और सुबह अचानक बहुत सारा मालबा नीचे गिर गया। जहां मलबा गिरा वहां नीचे जेसीबी मशीन के साथ लेबर काम में लगी हुई थी। लेकिन अभी तक कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है। सड़क के टूट जाने से ब्लड बैंक, कोविड वार्ड के बाहर पार्क कई गाड़ियां फंस गई हैं। अब जब सड़क ठीक होगी तभी ये गाड़ियां बाहर निकाली जा सकेंगी।इस मार्ग के बंद होने से अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लोगों की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि मार्ग को जल्द दुरुस्त किया जाए।
