Spread the love

हिमाचल प्रदेश। परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी कर प्रदेश में लग्जरी बसें चला रहे दूसरे राज्यों के आपरेटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। देहरा के नजदीक नैहरनपुखर में सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे विभाग ने ऐसा करने वाली दूसरे राज्यों की बसों पर लाखों रुपये जुर्माना लगाया है। चार-पांच बसों को ब्लैक लिस्ट भी कर दिया है। ये बसें दिल्ली से धर्मशाला रूट पर थीं। खुद परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर और आरटीओ प्रदीप भी मौके पर मौजूद रहे। विभाग की टीम आरटीओ की अगुआई में रक्कड़ में पास स्थित कलोहा और भरवाईं के पास चलाली में नाका लगाकर रूटीन जांच कर रही थी। इस दौरान कुछ बसों के चालान किए।

इस बीच पता चला कि कुछ बस चालक रास्ता बदलकर निकल गए। देहरा के डीएसपी अंकित शर्मा की अगुवाई में पुलिस ने उन्हें होशियारपुर-धर्मशाला मार्ग पर स्थित नैहरनपुखर में घेर लिया। यहां बसों के चालान किए।

खुद मौके पर मौजूद रहे परिवहन मंत्री ने बताया कि इनमें से ज्यादातर बसों के पास जरूरी कागजात नहीं थे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान रखते हुए फिलहाल इन्हें जब्त नहीं किया है लेकिन चार से पांच बसों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। अब ये बसें हिमाचल में नहीं चल पाएंगी। प्रदेश की सीमा में मिलने पर इन्हें जब्त कर लिया जाएगा। अन्य बसों को भी जुर्माना लगाया गया है।

ज्यादातर बसों में सवारियों की लिस्ट भी नहीं थी जबकि नियम के अनुसार ऐसा करना जरूरी होता है। इन बसों को चालान कर सवारियां गंतव्य तक छोडऩे के लिए जाने दिया गया है।परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक बस वाले के पास आरसी, बीमा या परमिट जैसा कोई भी दस्तावेज नहीं मिला। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई करना उनका काम है और वह आने वाले दिनों में भी ऐसे ट्रांसपोटर्स पर कार्रवाई करते रहेंगे।

Leave a Reply