शिमला।हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी (Snowfall) का दौर जारी है।मंगलवार सुबह से ही पहाड़ों की रानी शिमला (Shimla) के कुफरी और नारकंडा में बर्फ गिरने का सिलसिला शुरू हुआ, वह दोपहर बाद तक जारी था।जबकि शिमला शहर में सुबह से बारिश (Rainfall) हो रही है।सैलानी (Tourist) और शहरवासी बर्फ का इंतजार कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल में 7 जनवरी तक मौसम खबरा रहेगा।प्रशासन ने पर्यटकों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।

शिमला के छराबड़ा, कुफरी, फागु और नारकंडा में ताजा हिमपात से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, पुलिस ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है।कुफरी और नारकंडा में बर्फ देखने के लिए भारी संख्या में टूरिस्ट पहुंच रहे हैं।इन इलाकों में ताजा बर्फबारी से जन्नत सा नजारा देखने को मिल रहा है।मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी तक मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान है। 5 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की संभावना है।

जिला प्रशासन के मुताबिक फिलहाल कहीं भी सड़क बंद नहीं हुई है, शिमला-कुफरी-नारकंडा NH पर कुछ स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।जिला प्रशासन और शिमला पुलिस की ओर मौसम को देखकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
आगामी 48 घंटो के भीतर प्रदेश में बारिश और बर्फ़बारी
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल का कहना है कि प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है।आगामी 48 घंटो के भीतर प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होगी, कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि 6 और 7 जनवरी को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है।ऊंचाई वाले इलाकों मे हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के चलते पूरा प्रदेश शीत लहर की चपेट में हैं।तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है।
