कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के दौरे से पहले उन पर तीखा जुबानी हमला किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस की प्रवक्ता अलका लांबा ने स्मृति ईरानी को सिलेंडर सिंड्रेला कहा।उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महिलाएं आज और कल अपने घरों से बाहर निकलकर कर विरोध करेंगी।हिमाचल में उज्जवला योजना के तहत मोदी सरकार ने महिलाओं को 1 लाख 36 सिलेंडर दिए हैं। 2019 तक 83,177 महिलाओं ने सिलेंडर रिफिल करवाया था।

2021-22 में मात्र 9415 महिलाएं ही सिलेंडर को रिफिल कर पाईं। 2019 में सब्सिडी के तौर 35,209 करोड़ दिए जा रहे थे, लेकिन 2022 में सब्सिडी की रकम घटकर 242 करोड़ रह गई। उन्होंने स्मृति से प्रदेश की महिलाओं को दिए गए धोखे के लिए माफी मांगने को कहा है।
जब 410 का सिलेंडर था, तब चिल्लाती थी स्मृति ईरानी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि UPA सरकार में जब सिलेंडर 410 रुपए में मिल रहा था, तब स्मृति ईरानी चिल्ला-चिल्ला कर महंगाई कम करने की बात कर रही थी।आज सिलेंडर की कीमत 1150 पहुंच गई है। अब इस पर स्मृति ईरानी बात तक नहीं कर रही है।
मजबूरी में ग्रामीणों ने वृक्ष कटान किया शुरू
प्रतिभा सिंह ने कहा कि महंगे सिलेंडर के कारण गांव में लोगों ने फिर से वृक्षों का कटान शुरू कर दिया है। महिलाओं को फिर से धुंए में झोंक दिया गया है।उज्जवला में दिए गए सिलेंडर शोपीस बनकर रह गए हैं। महंगाई से राहत देने की बजाय खाद्य वस्तुओं पर GST लगाकर जनता की मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं।
2 करोड़ को रोजगार का वादा भी अधूरा
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ को रोजगार देने का वादा किया था। अब रोजगार पर कोई बात नहीं कर रहा है और देश में बेरोजगारी में 45 सालों का रिकॉर्ड टूटा है।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और स्मृति ईरानी से सवाल किया कि चुनावी साल में आप बार-बार हिमाचल का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान लोगों को झूठे वादे न किए जाएं, बल्कि पूर्व में किए गए वादे निभाए जाएं।
जयराम को 5 बड़ी उपलब्धि गिनाने की चुनौती
प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने कार्यकाल की 5 बड़ी उपलब्धियां गिना दें। उन्होंने जयराम सरकार कार्यकाल को फेल बताते हुए कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है।उन्होंने कहा कि पार्टी ने लोगों के दुख दर्द को समझते हुए 10 गारंटी जनता को दी हैं। हाटी समुदाय को ट्राइबल बनाने के निर्णय का स्वागत है। यह मामला पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी केंद्र से उठाया था।
जल्द होगा टिकट आवंटन
एक सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस जल्द सभी विधानसभा हलकों में टिकटों का आवंटन करेगी। इसे लेकर जल्द हाईकमान के साथ बैठक होगी।
