मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस पार्टी की राह मुशिकल होती जा रही है। बीते रोज दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पार्टी ने टिकट तय कर दिए हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर और महासचिव सुरजीत भरमौरी तीनों को ही टिकट की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। तीनों नेताओं के बाहर होने से युवा कांग्रेस विरोध में उतर आई है। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को इन तीनों ही पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी अपने पद से सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है। तीनों ही नेता दिल्ली में थे। रविवार सुबह सभी वापस शिमला लौट आए हैं। कल सुबह पहले सभी पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक होगी।
कल सुबह करेंगे पत्रकार वार्ता
सोमवार को 11 बजे शिमला में प्रेसवार्ता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ये सामूहिक इस्तीफों का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि विरोध के बाद इन्हें मनाने के लिए भी पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है।
युवाओं में है अच्छी पैठ
तीनों ही युवा नेता हैं। छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस तक पहुंचे हैं। युवाओं के बीच इनकी अच्छी खासी पैठ है। इनके इस्तीफा देने से पार्टी को चुनावों में नुकसान हो सकता है।
लगातार हार के बावजूद पुराने चेहरों पर विश्वास
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शुरू से ही पार्टी के कुछ नेता उनका विरोध कर रहे थे। पहले स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में ही उनके नाम को बाहर करने का खाका तैयार कर लिया गया था। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं के ऊपर 12 से 15 मामले पुलिस में दर्ज है। बावजूद इसके वरिष्ठ नेता उनका विरोध कर रहे हैं। कुछ ऐसे विस क्षेत्र हैं, जहां पर कांग्रेस लगातार हार रही है। वहां पर भी युवाओं को टिकट देने के बजाय पुराने चेहरों पर ही दांव खेला जा रहा है।
सुभाष मंगलेट ने राजीव शुक्ला के खिलाफ खोला मोर्चा
चौपाल विधानसभा क्षेत्र में भी बगावत शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने चौपाल में सुभाष मंगलेट का टिकट काटकर पार्टी महासचिव रजनीश किमटा को टिकट देने का निर्णय लिया है। सुभाष मंगलेट राहुल गांधी की टीम के सदस्य हैं। दो बार वह चौपाल के विधायक रह चुके हैं। कई राज्यों में वह चुनावी ड्यूटी भी संगठन की तरफ से दे चुके हैं। टिकट की दौड़ से उन्हें बाहर करने के बाद उन्हेांने फेसबुक पर पोस्ट डाली। इसमें लिखा, फिक्र न करें, चुनाव लड़ने आ रहा हूं। चौपाल की जनता का टिकट ला रहा हूं। 2022 में विधानसभा जा रहा हूं। सत्यमेव जयंते। उन्होंने लिखा कांग्रेस भाजपा वालों से बैर नहीं, राजीव शुक्ला तेरी खैर नहीं।
