Spread the love

शिमला।।हिमाचल प्रदेश में बीते सप्ताह बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ चल रहा है। दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। लेकिन बर्फ पिघलने से सुबह और शाम ठंड अधिक है। मौसम विभाग ने दोबारा प्रदेश में बर्फबारी और बारिश के आसार जताए हैं। हालांकि, सूबे के मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा।शनिवार को भी प्रदेशभर में धूप खिली हुई है। मनाली से अटल टनल जुड़ गई है। लेकिन आम लोगों के वाहनो के लिए यह रास्ता नहीं खोला गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 17 जनवरी से लेकर 19 जनवरी तक मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। प्रदेश के कई इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के नौ दिन बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई बर्फीले क्षेत्रों में लोग परिवहन सेवाओं, बिजली और पानी से महरूम हैं।शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 228 सड़कें बंद रहने से परिवहन निगम के 120 रूट प्रभावित थे
तीन नेशनल हाईवे बंद
मनाली से लेह के लिए एनएच-3 सरचू और मनाली काजा एनएच-505 बंद है। कुल्लू में जलोड़ी जोत को जोड़ने वाला हाईवे-305 बंद है। लाहौल में भी मुख्य सड़कों के साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कें बर्फबारी से अवरुद्ध हैं।शिमला में वहीं, चौपाल, रिकांगपिओ और नेरवा के लिए परिवहन निगम की बसों की आवाजाही शुरू हो गई है
केलांग में पारे में भारी गिरावट
लाहौल स्पीति के केलांग में धूप खिलने के बाद से बर्फ पिघल रही है। ऐसे में वहां पारा लगातार गिर रहा है। शनिवार को यहां पारा माइनस 15.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।बीते दिन के मुकाबले यहां पांच डिग्री पारा गिरा है। यहां अधिकतम पारा भी माइनस में चल रहा है। बिलासपुर में सबसे अधिक 19.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है। हिमाचल में तीन दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और 19 जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है

Leave a Reply