हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें जगह-जगह हांफ रही हैं। ऐसे में यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
HRTC हरिद्धार सराहन रूट की बस शिमला के छराबड़ा में खराब हो गई। इस कारण यात्रियों को लगभग 3 घंटे तक बस के इंतजार में सड़क पर रहना पड़ा। हालांकि, खराब बस को बाद में सड़क से हटा दिया गया और यात्रियों के लिए नई बस भेजी गई, लेकिन यात्री भड़के नजर आए।
हरिद्धार से सराहन रूट पर जा रही बस दोपहर को एकदम से सड़क पर खड़ी हो गई। यात्रियों ने बताया कि बस चलते-चलते अचानक बंद हो गई। इसके बाद स्टार्ट ही नहीं हुई। कुछ देर के लिए जाम लग गया। किसी तरह बस को एक किनारे करके वाहनों की आवाजाही शुरू की गई।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि HRTC रूटों पर पुरानी बसें भेज देता है, जो बीच सड़क में खराब हो जाती हैं। यात्रियों को इस कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि लॉन्ग रूट पर ठीक हालत वाली बसें ही भेजनी चाहिएं।
