हिमाचल के मंडी स्थित ऐतिहासिक सेरी मंच पर लगातार 9वें दिन भी जिले के चार प्रशिक्षण संस्थानों के JBT/DL.ED प्रशिक्षुओं का अपनी मांगों को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार जारी है। इसके तहत आज 9वें दिन भी सेरी मंच पर JBT/डीएलएड प्रशिक्षुओं ने बीएड डिग्री धारकों को JBT भर्ती से बाहर करने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ ठंड और बारिश में भी जमकर नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रशिक्षु ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश भर में प्रारंभिक जिला शिक्षा उपनिदेशक कार्यालयों की ओर से शुरू की गई जेबीटी बैच वाइज भर्ती में बीएड डिग्री धारकों को शामिल किया जा रहा है। जेबीटी/डीएलएड डिप्लोमा करने वालों के साथ अन्याय है। इसलिए इसका विरोध प्रदेश के सभी JBT डीएलएड प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षु कक्षाओं का निरंतर बहिष्कार करके कर रहे हैं।
वहीं, बीएड डिग्री धारकों को जेबीटी भर्ती से बाहर करने की मांग को लेकर अब जेबीटी प्रशिक्षुओं का सब्र का बांध टूट चुका है। जेबीटी प्रशिक्षुओं ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अब लड़ाई आर-पार की होगी।
जेबीटी प्रशिक्षु ने बताया कि पिछले 9 दिनों से वह कक्षाओं का लगातार बहिष्कार कर रहे हैं, परंतु अभी तक उनकी मांगों पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
जिसको लेकर जेबीटी प्रशिक्षुओं का पूरे प्रदेश में रोष जाहिर है।
उन्होंने कहा कि जेबीटी भर्ती प्रक्रिया में बीएड डिग्री धारकों को बाहर करने की मांग को लेकर कई मर्तबा सरकार के समक्ष पत्राचार किया, परंतु कुछ हासिल नहीं हुआ। इसे लेकर अब जेबीटी प्रशिक्षु खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। प्रशिक्षुओं ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर सरकार को यही रवैया अपनाना है तो फिर प्रदेश में खोले गए जेबीटी संस्थानों को ही बंद कर दिया जाए।
