चम्बा-कोहलड़ी रूट पर जा रही परिवहन निगम की बस में अचानक धुआं उठने लगा। इससे यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंगलवार को बस चम्बा से कोहलड़ी की ओर जा रही थी। चम्बा से करीब 8 किलोमीटर दूर पहुंचते ही बस की नोजल फट गई और धुआं निकलने लगा।
चालक ने बस को तुरंत खड़ा कर दिया और यात्रियों को बस से नीचे उतारा। उस समय बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। यात्री रमेश कुमार, अशोक, विजय, सुरेंद्र सिंह, रवि व अरविंद ने बताया कि अचानक बस से धुआं उठता देख यात्री घबरा गए, लेकिन किसी को कोई नुक्सान नहीं पहुंचा है।
बस खराब होने के कारण यात्रियों ने निजी वाहन हायर करने पड़े। कई पैदल ही गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि यह बस शाम साढ़े 5 बजे चम्बा बस अड्डा से चलती है और यात्रियों से भरी होती है। उन्होंने परिवहन निगम से अपील की है कि इस रूट पर नई बसें चलाई जाएं। अड्डा इंचार्ज शशिपाल ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस को ठीक करने के बाद रूट पर रवाना किया गया।
