Spread the love

कैशलेस सुविधा दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। ऐसे ही दो मामले जिले में सामने आए हैं जहां पर दो दुकानदारों को करीब 20,000 रुपये की चपत लग गई।

पहले मामले में मास्क लगाए दो युवक बाइक पर आए और मनियारी की दुकान पर नए नोटों के दो हार मांगे जिसमें एक दस हजार और दूसरे की कीमत पांच हजार रुपये थी। युवकों ने 15,000 रुपये के हार लिए व पेमेंट गूगल पे से करने की बात कही।दुकानदार ने उन्हें गूगल पे पर पेमेंट करने के लिए अपना नंबर दिया।

युवकों ने चालाकी से अपने मोबाइल से रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज दिखा दिया और के हार लेकर चले गए। कुछ समय बाद दुकानदार ने जब मोबाइल चेक किया तो उसमें कोई मैसेज नहीं था। इस पर दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ और सीसीटीवी फुटेज निकालकर युवकों की तलाश की, लेकिन बाइक का नंबर न होने की वजह से कोई पकड़ में नहीं आया।

दूसरे मामले में शुक्रवार सुबह मैहतपुर प्रवेशद्वार के समीप एक स्पोर्ट्स की दुकान पर एक युवक ने 5000 रुपये का सामान खरीदा और गूगल पे से पेमेंट करने का मैसेज दिखाया। जब दुकानदार मदन राणा ने मोबाइल पर अकाउंट चेक किया तो पेमेंट नहीं आई थी। इस पर युवक ने उनके मोबाइल का सर्वर डाउन होने की बात कही और कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आने की बात कहकर चला गया।

जब काफी समय तक मदन के मोबाइल पर पेमेंट होने का मैसेज नहीं आया तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस ठगी का पीड़ित दुकानदार पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाने से कतरा रहा है।

उधर, इस संदर्भ में ऊना सदर थाना प्रभारी मनोज वालिया ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे अपने मोबाइल पर पेंमेंट होने का मैसेज आने के बाद ही सामान दें।

Leave a Reply