Spread the love

एचआरटीसी प्रबंधन ने ड्राइवर यूनियन को 9 मई को वार्ता के लिए बुलाया है। ड्राइवर यूनियन की चेतावनी के बाद अब एचआरटीसी प्रबंधन ने नरम रवैया अपना लिया है। ऐसे में अब प्रदेश में रात्रि सेवाओं पर नौ मई की बैठक के बाद ड्राइवर यूनियन फैसला लेगी।

इससे पहले ड्राइवर यूनियन ने चेतावनी दी थी कि अगर सात मई को एचआरटीसी प्रबंधन व सरकार ड्राइवर कंडक्टरों को 3900 रुपए यानी एक महीने की नाइटओवर टाइम की राशि एडवांस में दी जाती है, तभी एचआरटीसी चालक परिचालक रात्रि सेवाएं देंगे, नहीं तो नाइटओवर टाइम नहीं किया जाएगा।अब यूनियन ने यह फैसला नौ मई तक स्थगित कर दिया है। एचआरटीसी प्रबंधन के साथ होने वाली बैठक के बाद ही ड्राइवर यूनियन इस पर फैसला लेगी।

एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान मानसिंह ठाकुर ने बताया कि यूनियन प्रबंधन व सरकार के साथ टेबल टॉक के लिए तैयार हैं, लेकिन इस बार अगर उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता हैं तो फिर एचआरटीसी यूनियन पीछे नहीं हटने वाली है।

उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने फरवरी 2022 और फरवरी 2023 का नाइट ओवरटाइम जारी किया है। दो महीने की ओवरटाइम की राशि जारी होने से कर्मचारी खुश नहीं हैं। उन्हें सारी राशि का भुगतान किया जाए।

मानसिंह ठाकुर का कहना है कि एचआरटीसी कर्मचारी जब अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं या फिर आंदोलन की चेतावनी देते हैं तो फिर एचआरटीसी प्रबंधन व सरकार उन्हें समय पर सैलरी व एक एक महीने करके लंबित राशि का भुगतान करने की बात करते हैं, एक दो महीने तो व्यवस्था ठीक चलती हैं, लेकिन उसके बाद हालत फिर वैसे की वैसी हो जाती है। उनका कहना है कि अब कर्मचारी प्रबंधन व सरकार के झांसे में आना वाला नहीं हैं।

Leave a Reply