Spread the love

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। जिला चंबा के सलूणी में मंगली नाले का जलस्तर बढ़ने से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मंगली के 195 विद्यार्थी और शिक्षक फंस गए। नाले का उफान थोड़ा कम होने पर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत कर शिक्षकों और ग्रामीणों ने विद्यार्थियों को दूसरे छोर तक पहुंचाया।

बीते वर्ष बरसात में यह पुलिया बह गई थी। प्रशासन आज तक इसका निर्माण नहीं करवा पाया।मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट के बीच राजधानी शिमला समेत कई जिलों में बादल झमाझम बरसे। जगह-जगह भूस्खलन से प्रदेश में 275 सड़कें बंद हो गईं।

1,033 पेयजल, 227 सिंचाई परियोजनाएं और 106 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए। लोक निर्माण विभाग ने फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। बुधवार और वीरवार को भी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 1 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है।

Leave a Reply