Spread the love

भाजपा नेता हिमाचल प्रदेश में अस्थिरता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व सीएम एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर, पार्टी के हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना तथा त्रिलोक कपूर महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम का हवाला देकर राज्य का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन हिमाचल में कांग्रेस की मजबूत सरकार है तथा वह अपना 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि अन्य राज्यों का हिमाचल पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है तथा वह अन्य राज्यों का देख कर नहीं चलता बल्कि दूसरों को रास्ता दिखाता है। 

विक्रमादित्य ने विपक्ष के अस्थिरता फैलाने वाले बयानों को निंदा की तथा विपक्ष को सरकार का सकारात्मक सहयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 माह पहले ही 40 विधायकों के साथ कांग्रेस जीतकर आई है तथा विपक्ष को जल्दबाजी है। उन्हें धैर्य रखना चाहिए। इस दौरान सीएम व सभी मंत्री फील्ड में जाकर काम कर रहे हैं। ग्रीन बजट व ड्रोन सम्मेलन जैसे कई अहम कार्य किए हैं लेकिन भाजपा नेताओं को पिछले 3 चुनावों में मिली करारी हार नहीं दिख रही है तथा लोगों का ध्यान बांटने के लिए महाराष्ट्र घटनाक्रम का जिक्र कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष को तथ्यों के साथ सरकार का विरोध करने की सलाह दी तथा कहा कि तथ्यहीन बयानबाजी करना उन्हें शोभा नहीं देता। 

विक्रमादित्य लोकतंत्र प्रहरी राशि को बंद करने पर कहा कि लोकतंत्र प्रहरी कोई स्वतंत्रता सैनानी नहीं हैं, जिन्हें यह राशि दी जा रही है, वे करोड़ों रुपए की आईटीआर भर रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। 

विक्रमादित्य ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के हकों को कुचला है। राज्य पर 4000 करोड़ रुपए का कट लगाया है। इस पर भाजपा नेता अपनी स्थिति स्पष्ट करें तथा हिमाचल के साथ जो यह अन्याय हुआ है उसको लेकर आवाज उठाएं तथा केंद्र के समक्ष जाएं। 

विक्रमादित्य ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया तेज नहीं होने का सियापा पूर्व की भाजपा सरकार के कारण पड़ा है। यदि उनके कार्यकाल में हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग में धांधलियां नहीं होतीं तो आज भर्ती प्रक्रिया जारी रहती। प्रदेश सरकार जल्द ही सारी भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। 

विक्रमादित्य सिंह ने यूसीसी पर पूछे सवाल को टालते हुए तथा अपनी बात को पलटते हुए कहा कि पार्टी के शीष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ने निर्णय करेंगे तथा उनका जो स्टैंड होगा, वह ही पार्टी का पक्ष होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव करीब आते ही भाजपा ने लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह मुद्दा उठाया है जबकि देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी व महंगाई आदि को लेकर कोई भी बात नहीं कर रहा है। बता दें कि विक्रमादित्य सिंह ने कुछ दिन पूर्व उन्होंने यूसीसी का समर्थन किया था।

Leave a Reply