आज के दौर में जहां कुछेक रुपयों के लिए भी लोगों को ईमान डगमगा जाता है वहीं चम्बा के निजी बस के चालक ने लाखों रुपए के गहनों से भरा बैग महिला को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है।
बीते कल महिला देवकी ने चम्बा से अथेड़ के लिए रवाना हुई निजी बस में सफर किया था। इसी बीच उसका एक बैग बस में ही छूट गया। बैग में कपड़ों के साथ लाखों रुपए के गहने भी थे। महिला ने बैग को ढूंढने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उसे बैग नहीं मिला।
इसी बीच बस के चालक कमलेश कुमार को बस में जब बैग मिला तो उन्होंने तुरंत निजी बस चालक परिचालक संघ के प्रधान मनोज कुमार और सचिव हेमराज को सूचित किया। उन्होंने इस सूचना को संघ के सभी सदस्यों व पदाधिकारियों में फैला दिया।
इसी बीच एक निजी बस चालक ने संघ के पदाधिकारियों को बताया कि धरवाला क्षेत्र की एक महिला का बैग गुम हुआ है। इसके उपरांत महिला से संपर्क साधा गया और बैग से संबंधित पूछताछ करने के बाद बैग गुरुवार को महिला को सौंपा गया।
वहीं, महिला ने बैग प्राप्त होने के बाद चालक कमलेश कुमार सहित निजी बस चालक परिचालक संघ का भी आभार प्रकट किया है। बहरहाल, निजी बस चालक द्वारा दिखाई गई इस ईमानदारी की हर कोई सराहना कर रहा है।
