नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि जिस योजना के तहत राशि मिली है, उसे फिर से मांगकर मुख्यमंत्री क्या साबित करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गलती से भी केंद्र सरकार को वित्तीय मदद का श्रेय नहीं देना चाहते।
जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने स्कीम फॉर स्पैशल असैसमैंट के तहत हिमाचल प्रदेश को 830 करोड़ रुपए की विशेष केंद्रीय सहायता दी और मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मदद के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार भी जताया लेकिन उसके आधे घंटे के भीतर ही सरकार का स्टैंड बदल गया।
उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात की है कि केंद्र सरकार दिल खोलकर मदद कर रही है लेकिन सरकार झूठ पर झूठ बोल रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार गंदी राजनीति करके क्या हासिल करना चाहती है? उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर बात में केंद्र को गाली देने के मौके तलाश रही है। उन्होंने कहा कि हर बार केंद्र से मदद मिलने के बाद ओछी हरकत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आपदा से राहत की जरूरत है। इसलिए मुख्यमंत्री और उनकी पूरी टीम को राहत एवं बचाव कार्य में जुट जाना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने तत्काल 364 करोड़ रुपए की अग्रिम आपदा राहत राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकत्र्ता आपदा प्रभावितों के साथ खड़ा है। इसी कारण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उनके आग्रह पर संसद का मानसून सत्र छोड़कर स्वयं हिमाचल आए। उन्होंने प्रदेश को आपदा की घड़ी में जितनी उदारता दिखाकर मदद का आश्वासन दिया है, वह सराहनीय है, ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह केंद्र से मिलने वाली मदद पर उसका आभार जताएं तथा बिना वजह कोसना बंद करें।
