पुलिस जिला बद्दी के तहत शुक्रवार को चौथे दिन लगातार दुष्कर्म का मामला आया है। जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की एक फार्मा कंपनी में कार्यरत नाबालिग लड़की के साथ उद्योग मालिक ने दुष्कर्म किया है। महिला पुलिस थाना बद्दी में पीड़िता के पिता की शिकायत पर व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। उसकी एक साढ़े 16 साल की बेटी बद्दी की एक फार्मा कंपनी में काम करती है। वीरवार को जब वह काम से लौटा तो बेटी रो रही थी। उसकी पत्नी ने बताया कि उसके पेट में बच्चा है।
महिला ने बताया कि कंपनी का मालिक उनकी बेटी के साथ पिछले सात माह से दुष्कर्म करता आ रहा है। इस कारण वह गर्भवती हो गई है। पीड़िता ने अपने परिवार को बताया कि बीते दिन जब कंपनी गई थी तो कंपनी के मालिक ने 4 गोलियां खिलाई थीं, जिस कारण पेट में दर्द शुरू हुआ।
पुलिस ने कंपनी के मालिक के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि महिला थाना के तहत व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
