चम्बा जिले के भरमौर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पियुरा के कुठेड़ गैहरा में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान हश्नी देवी (26) पत्नी विनोद कुमार निवासी गांव कुठेड़ गैहरा डाकघर धरवाला के रूप में हुई है। रविवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
मायके पक्ष ने पति पर हश्नी देवी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हश्नी देवी के मायके वालों के बयान दर्ज किए गए तथा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।पुलिस को दिए बयान में मृतका के भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन की मौत का जिम्मेदार उसका पति है क्योंकि वह पहले भी मेरी बहन को परेशान करता था, जिस कारण उसकी मौत हुई है। देर रात को इस बारे में दूरभाष के माध्यम से जानकारी मिली थी, जिसके बाद जब मौके पर जाकर देखा तो हश्नी की मौत हो गई थी।
हश्नी अपने पति व 2 बच्चों के साथ रहती थी तथा उसके सास-ससुर इन दिनों कंधवारी में अपने पशुओं के साथ चले गए हैं। महिला की मौत के बाद गैहरा चौकी को सूचना दी गई, जिसके बाद देर रात को ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लिया। आरंभिक जांच में शरीर पर मारपीट या कोई निशान नहीं पाया गया। देर रात को ही महिला जब अचानक अचेत हुई तो वहीं गिर गई, जिसके कारण उसकी उसी समय मौत हो गई।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि महिला की मौत कैसे हुई। पंचायत प्रधान पियुरा विरेंद्रा देवी ने बताया कि देर रात को इस बारे जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने इस बारे बयान दर्ज किए हैं। जांच के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।
वहीं एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर जांच शरू कर दी है। मायके पक्ष की तरफ से महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
