Spread the love

हर भारतीय के लिए गर्व से सीना चौड़ा करने और मस्तक ऊंचा करने का समय है। भारत के बहुप्रतीक्षित चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ हो गई है। चंद्रयान-3 आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को 3 बजकर 35 मिनट पर लॉन्च हुआ था।

इसे चांद की सतह पर लैंडिंग करने में 41 दिन का समय लगा। धरती से चांद की कुल दूरी 3 लाख 84 हजार किलोमीटर है। इस बड़ी उपलब्धि के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है।

पृथ्वी के नैचुरल सैटेलाइट (चंद्रमा) के इस हिस्से में उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है क्योंकि अब तक जितने भी मिशन चंद्रमा पर गए हैं वे चंद्र भूमध्य रेखा के उत्तर या दक्षिण में कुछ डिग्री अक्षांश पर उतरे हैं।

ब्रह्मांड के इस हिस्से में भारत का परचम लहराने से वैज्ञानिकों ही नहीं, देशभर की आम जनता के बीच भी भारी उत्साह देखा जा रहा है और ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ से वाकिफ हर भारतीय का चेहरा खुशी से दमक रहा है।

चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग से जहां भारत का स्पेस पावर के रूप में उभरा है तो वहीं इसरो का दुनिया की अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों के मुकाबले कद कहीं ऊंचा हो गया है।

इसरो के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर चंद्रयान 3 के लैंडिंग के पूरे प्रोसेस का प्रसारण किया जा रहा है। इसके साथ ही नैशनल टीवी चैनल दूरदर्शन पर भी इसका लाइव प्रसारण किया जा रहा है।

Leave a Reply