मण्डी जिले के धर्मपुर उपमंडल मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर दूर चलाल में एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है।युवक घर में अकेला था और उसने दोपहर के वक्त यह कदम उठाया। घटना का पता तब चला जब मनरेगा में कार्य कर रही कुछ महिलाएं वहां से गुजरीं।
मृतक की पहचान विकास उर्फ सन्नी (24) पुत्र शेर सिंह निवासी चलाल के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर एक बजे की है, जब मनरेगा कामगार महिलाएं शेर सिंह के आंगन से गुजरीं तो उन्हें सन्नी फंदे से झूलता नजर आया। उन्होंने इस बारे में आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।मृतक युवक के पिता शेर सिंह कॉन्ट्रैक्ट वाहन चलाते हैं और माता अस्पताल में ड्यूटी पर थी।
बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मौत का वीडियो भी बनाया है। सूत्रों की मानें तो मामला एकतरफा प्यार का है, जिसमें कामयाबी न मिलने से परेशान युवक ने मौत को गले लगाना बेहतर समझा। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि सरकाघाट अस्पताल में बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
