शिमला।। शिमला शहर में नगर निगम के नए वार्ड बनाने को लेकर डीलिमिटेशन की अधिसूचना राज्य चुनाव आयोग की ओर से 2 फरवरी को जारी कर दी गई थी। इसमें चुनाव आयोग ने 9 मार्च तक इस प्रक्रिया को पूरा करने का समय दिया और नगर निगम के चुनावों के लिए रोस्टर 11 मार्च तक जारी करना होगा। शिमला में नए वार्ड्स की सूची का एक ड्राफ्ट जिला प्रशासन ने 10 फरवरी तक तैयार कर जारी किया था। इसमें आपत्ति और सुझाव के लिए 7 दिन का समय सभी को दिया गया।

नगर निगम शिमला में वार्डों के पुनर्सीमांकन हेतु 17 फरवरी, 2022 को सायं 5 बजे तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिसकी सुनवाई 19 फरवरी, 2022 को डीसी ऑफिस शिमला के बचत भवन सभागार में वार्डवार रखी जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि सुनवाई के लिए अलग से कोई भी नोटिस व सूचना नहीं दी जाएगी। सुनवाई के लिए वही लोग उपस्थित हो सकेंगे, जिन्होंने 17 फरवरी, 2022 सायं 5 बजे तक दावे व आपत्तियां डीसी ऑफिस शिमला में दर्ज की हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 5 बजे तक जिला प्रशासन के पास कुल 191 आपत्तियां आईं हैं, जिसमें सबसे ज्यादा कैथू से 112, भराड़ी से 33, समरहिल से 24, रामबाजार से 7, फागली से 1, विकासनगर से 2, शांति विहार से 1, पंथाघाटी से 1, मल्याणा से 2, टूटू से 1, कृष्णानगर से 2, नाभा से 1, इंजनघर से 1, लोअर बाजार से 1, रुल्दू भट्टा से 1 और कसुम्पटी-2 से 1 आपत्ति आई है।
