Spread the love

श्रीखण्ड टाइम्स,शिमला।

किन्नौर जिले के भावागनर में पलिंगी निचार संपर्क सड़क से थार पलटकर नेशनल हाईवे-पांच सोल्डिंग पुल के पास जा पहुंची। इस हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति और वाहन की चपेट में आए एक पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हो गया है। घायल को उपचार के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक महिंद्रा थार एचपी 26-1977 में सवार होकर दो लोग निचार से भावानगर की ओर आ रहे थे। भावानगर उपमंडल मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर पलिंगी निचार संपर्क मार्ग पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और जीप सड़क से करीब 500 मीटर नीचे नेशनल हाईवे-पांच सोल्डिंग पुल के समीप जा पहुंची। इस दुर्घटना में जीप में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।

वहीं, नेशनल हाईवे-पांच पर पश्चिम बंगाल का पर्यटक भी इस जीप की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगाें ने इस हादसे की सूचना पुलिस थाना भावानगर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा।
मृतकाें में किन्नौर जिले की तहसील निचार के गांव काफनू के 25 वर्षीय राहुल, पुत्र राम सिंह और पश्चिम बंगाल के 55 वर्षीय गदाधर चटर्जी, पुत्र विभूति चटर्जी शामिल हैं। इस हादसे में किन्नौर जिले की निचार तहसील के गांव काशपो के लखबीर सिंह घायल हो गया है, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है।

मृतकाें को शव पोस्टमार्टम के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया है। डीएसपी भावानगर राज कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगाें की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया है। हादसे के घायल का भी उपचार चल रहा है।

पुलिस मामला दर्ज का हादसे के कारणों की छानबीन में जुट गई है। उधर, कार्यवाहक एसडीएम भावानगर अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के मृतकाें के परिजनाें को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत और घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।

Leave a Reply