Spread the love

श्रीखण्ड टाइम्स, शिमला।

हिमाचल प्रदेश में नाहन विकासखंड के तहत सैनवाला-कौलांवालाभूड़ सड़क पर रविवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जबकि दूसरे व्यक्ति का नाहन मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, अनूप (31) और शशिकांत (30) बाइक से हरियाणा के नारायणगढ़ स्थित भुगतूवाला गांव की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे। जब दोनों मझाड़ा पुल के पास पहुंचे, तो तेज रफ्तार के चलते बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई।हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अनूप की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जबकि शशिकांत को नाहन में उपचार दिया जा रहा है। उसकी बाजू में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों किसी पारिवारिक सदस्य से मिलने जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया।एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार लग रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply