Spread the love

श्रीखण्ड टाइम्स, शिमला।

राजधानी शिमला के लोअर खलीणी में वीरवार को एक 31 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार पुत्र रूप लाल निवासी लोअर खलीणी के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ दुकान चलाता था।पुलिस के अनुसार वीरेंद्र ने अपने कमरे में रस्सी से फंदा लगा लिया। जब बेटा काफी देर तक कमरे बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, जोकि अंदर से बंद था।

परिजनों ने संदेह होने पर दरवाजा तोड़कर देखा तो सामने का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। बेटा फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन आनन-फानन में उसे तुरंत आईजीएमसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीरेंद्र विवाहित था और एक बेटी का पिता था। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी, जिसके बाद से वह डिप्रैशन में रहने लगा था और बीमार भी रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जो शुक्रवार को किया जाएगा। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Leave a Reply