Spread the love

शिमला. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में व्यापार बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा व्यापार एवं वाणिज्य विभागों के प्रभारी मंत्रियों ने भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व उद्योग मंत्री श्री हर्षवर्धन चौहान तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) श्री आर. डी. नज़ीम ने किया। दोनों ने व्यापार बोर्ड की बैठक में राज्य का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा।

उद्योग मंत्री ने भारत सरकार तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा देशभर में औद्योगिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा संतुलित औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भारत औद्योगिक विकास योजना के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान उद्योग मंत्री श्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल प्रदेश में व्यापार को सुदृढ़ करने, निर्यात बढ़ाने, औद्योगिक विकास में तेजी लाने तथा निवेश आकर्षित कर सतत आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की प्रमुख पहलों, प्राथमिकताओं एवं आवश्यकताओं को विस्तार से रखा।

उन्होंने पर्वतीय राज्यों के लिए भारत औद्योगिक विकास योजना के अंतर्गत तैयार औद्योगिक सुविधाओं की स्थापना हेतु न्यूनतम पात्रता सीमा को 25 एकड़ किए जाने पर भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नीतिगत निर्णय राज्य में नए निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ समावेशी एवं सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उद्योग मंत्री ने बताया कि चार प्रस्तावित औद्योगिक समूहों के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन अंतिम चरण में हैं और शीघ्र ही भारत सरकार को प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें सोलन जिले के वाकनाघाट स्थित मझोल गांव, नालागढ़ तहसील के घीर-लखनपुर औद्योगिक क्षेत्र, सिरमौर जिले के काला आंब स्थित ओगली गांव तथा ऊना जिले के बीटन-टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र (सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य का निर्यात वर्ष 2003-04 के लगभग 500 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 20,414 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह राज्य के औद्योगिक आधार, निर्यातोन्मुख विनिर्माण व्यवस्था तथा वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए किए गए नीतिगत प्रयासों का परिणाम है।

Leave a Reply