Spread the love

बिलासपुर। जिला में पुलिस विभाग में आरक्षी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 17 से लेकर 27 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। पहले दो दिन महिला आरक्षी पदों के लिए भर्ती होगी और उसके बाद पुरूष अभ्यर्थियों के लिए शेड्यूल बनाया गया है। लुहणू मैदान में शुक्रवार को आरंभ होने वाली इस भर्ती को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को डीआईजी मधुसूदन तैयारियों का जायजा लेंगे। पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने बताया कि 74 आरक्षी पदों (52 पद पुरुष, सामान्य 17 महिला, सामान्य ड्यूटी तथा 05 पुरुष ड्यूटी) के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 17 से लुहणू मैदान बिलासपुर में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती में कुल 10919 अभ्यर्थी उपस्थित होंगे जिसमें जिसमें 2808 महिला अभ्यर्थी व 7789 पुरुष अभ्यर्थी आरक्षी (सामान्य ड्यूटी) के पदों के लिए 322 पुरुष आरक्षी (ड्राइवर ड्यूटी) के पदों के लिए आवेदन किया गया है। पात्र अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड एसएमएस के माध्यम से पुलिस भर्ती साइट पर उनके द्वारा भरे गए आवेदन के दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सात दिसंबर को जारी किए जा चुके हैं।

यदि किसी उम्मीदवार को एसएमएस न आया हो तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर की आदेशवाहन शाखा में किसी भी कार्यदिवस पर आकर इस संदर्भ में जानकारी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि 17 व 18 दिसंबर को महिला वर्ग के 1100 अभ्यर्थी, 19 दिसंबर को महिला वर्ग के 408 अभ्यर्थी, पुरुष वर्ग (ड्राइवर ड्यूटी) के 322 अभ्यर्थी तथा पुरुष वर्ग के 570 अभ्यर्थी और 20, 21, 22, 23, 24 तथा 25 दिसंबर को पुरुष वर्ग के 7219 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेने वाले पात्र अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे तथा 11 बजे की दो समयसारिणीयों, जो उनके एडमिट कार्ड में अंकित की गई हैं तथा उन्हें समय सारणी के अनुसार लुहणू मैदान बिलासपुर में बुलाया गया है।

चार सीसीटीवी कैमरों से होगी भर्ती की निगरानी

भर्ती के लिए अढ़ाई सौ जवान ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। 18 गजटेड ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। एथलेटिक्स कोच के साथ ही डाक्टरों की टीम भी मौके पर उपलब्ध होगी। हर दिन 13 सौ युवाओं को भर्ती में ग्राउंड टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसके साथ ही चार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भर्ती की निगरानी की जाएगी और हर दिन भर्ती की प्रॉपर वीडियोग्राफी भी की जाएगी ताकि इस आयोजन में पूरी तरह से पारदर्शिता बनी रहे।

Leave a Reply