शिमला : राजधानी शिमला के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (रिपन) में मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर ठंड में ठिठुरना नहीं पड़ेगा। अस्पताल के नए भवन में जल्द नया अल्ट्रासाउंड कक्ष मिलने वाला है। अभी तक पुराने अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर लोगों को खुले में बैठना पड़ता है। कड़ाके की ठंड में मरीजों को लंबे समय तक यहां नीचे बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। कई बार तो मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए सीढि़यों पर बैठना पड़ता है। वहां पर मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं है।

पहले ही मरीजों को अल्ट्रासाउड के लिए लंबी तारीख दी जाती है। ऐसे में लंबे इंतजार के बाद जब मरीज अस्पताल पहुंचते हैं तो उन्हें अपनी बारी के लिए फिर इंतजार करना पड़ता है। इस इंतजार के बाद भी मरीजों को कभी बरसात तो कभी ठंड से जूझना पड़ता है। लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए अब अस्पताल प्रशासन ने अल्ट्रासाउड के लिए नया कक्ष देने का फैसला लिया है। इसमें मरीजों को सभी प्रकार की सुविधा प्रदान की जाएगी। मरीजों को बाहर इंतजार करते हुए बैठने की सुविधा होगी, वहीं उन्हें नए भवन में ठंड या बरसात से नहीं जूझना पड़ेगा। गर्भवती महिलाओं से लेकर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आने मरीजों को इससे काफी राहत मिलेगी। नए भवन में हीटिंग सिस्टम की भी मिलेगी सुविधा रिपन अस्पताल के एमएस डा. लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि अस्पताल में मरीजों को नया अल्ट्रासाउंड कक्ष दिया जाएगा। इसमें मरीजों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो, इसलिए नए अल्ट्रासाउंड कक्ष में मरीजों को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यहां पर शौचालय से लेकर अन्य सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। अस्पताल के नए भवन में हीटिग सिस्टम तक की व्यवस्था की जानी है।
