Spread the love

शिमला : हिमाचल प्रदेश को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) को लागू करने में देश के पहाड़ी राज्यों में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है। देश के 10 पहाड़ी राज्यों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए हिमाचल को लगातार दूसरे वर्ष इस उपलब्धि से सम्मानित किया गया है।राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) नई दिल्ली की ओर से वीरवार को आनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से गुड प्रेक्टिसिज इन क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) और इंटरआपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आइसीजेएस) विषय पर आयोजित सम्मेलन में हिमाचल को प्रथम स्थान मिलने की घोषणा की गई।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन का एजेंडा अपराध की रोकथाम, जांच और ट्रैकिग में सीसीटीएनएस तथा आइसीजेएस का उपयोग, सीसीटीएनएस और आइसीजेएस परियोजना के कार्यान्वयन की दिशा में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा किए जा रहे प्रयासों, पुलिस और नागरिकों के लिए मोबाइल एप का विकास, नागरिक सेवाएं और क्षमता निर्माण आदि था। इस पुरस्कार को तय करने के लिए हार्डवेयर, साफ्टवेयर परिनियोजन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, डाटा माइग्रेशन, क्षमता निर्माण जैसे 22 अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए गए हैं। यह पहाड़ी राज्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है। राज्य में यह प्रोजेक्ट वर्ष 2015 से चल रहा है। इसमें मंत्रालय हर महीने फरफार्मेस चेक करता है। सीसीटीएनएस का प्रयोग पुलिस की तरफ से अपराध व अपराधियों के डाटाबेस तैयार करने के लिए किया जाता है। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी बधाई।राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सीसीटीएनएस को लागू करने में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और उनकी टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सीसीटीएनएस के क्षेत्र में हिमाचल पुलिस के शानदार प्रदर्शन से इस तकनीक का दैनिक कार्यो में और अधिक कुशलता से प्रयोग करने के लिए पुलिस का मनोबल बढ़ेगा। संजय कुंडू ने भी अपनी टीम को बधाई दी है।

Leave a Reply