Spread the love

शिमला।। पेट्रोल व डीजल के दाम पर भाजपा की खामोशी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को न तो महंगाई नजर आ रही है और न ही बेरोजगारी। इससे साफ है कि सत्ता में बैठने के बाद भाजपा को बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी से कुछ लेना देना नहीं है।

यहां जारी बयान में राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा लोगों की समस्याओं बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा कांग्रेस को दोषी ठहराने में लगी है। भाजपा प्रदेश में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। अपनी राजनीतिक बैठकों में सरकारी मशीनरी व धन का खुल कर दुरुपयोग किया जा रहा है।

राठौर ने कहा कि अब चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री कर्मचारियों को लुभाने में जुटे हैं। घोषणाओं पर घोषणाएं करते जा रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार का खजाना पूरी तरह खाली पड़ा है। राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में पूरी तरह विफल रही है।

राठौर ने शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताएं व बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी ऐसे जनहित के मुद्दे हैं जिनको आगे रख कर कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी।

Leave a Reply