Spread the love

हिमाचल प्रदेश।।हिमाचल में करुणामूलक भर्ती के पदों को भरने के लिए अब फिर से सीलिंग लग जाएगी। यह सीलिंग कुल कैडर के पांच फीसदी पदों की होगी। इससे पहले राज्य सरकार ने 24 जनवरी 2022 को ऑफिस मेमोरेंडम जारी कर सीलिंग को हटा दिया था। साथ ही यह भी कहा था कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सभी वैकेंसी एक साथ करुणामूलक आवेदकों से भरी जा सकेगी।

इसके लिए वित्त विभाग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं थी। विभागाध्यक्ष अपने स्तर पर नियुक्ति दे सकते थे और इसकी सूचना के लिए मासिक रिटर्न वित्त विभाग को भेजनी थी। इसके बाद बहुत से विभागों में करुणामूलक भर्ती के आवेदन निपटाए गए हैं। नई बात यह है कि क्लास थ्री के आवेदकों को भी क्लास फोर की नौकरी के लिए विकल्प देने को कहा गया था और बहुत से आवेदकों ने विकल्प देकर क्लास फोर की नौकरी ले ली।

हाल ही में पीडब्ल्यूडी, बिजली बोर्ड, एचआरटीसी समेत कई विभागों एवं निगम बोर्ड में नियुक्ति की सूचियां निकली हैं। यह इसलिए निकल पाई क्योंकि पांच फीसदी की सीलिंग को सरकार ने हटा दिया था, लेकिन अब इसे फिर से लगाया जा रहा है।

वित्त विभाग की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने लिखित निर्देश जारी किए हैं कि 24 जनवरी 2022 को करुणामूलक भर्ती को लेकर दी गई छूट 15 अप्रैल 2022 को खत्म हो जाएगी। 15 अप्रैल के बाद सभी विभागों में सभी वर्गों के लिए पांच फीसदी की सीलिंग दोबारा लग जाएगी और इस अवधि के बाद किसी को भी करुणामूलक भर्ती की नियुक्ति देने के लिए केस दोबारा से फाइनांस विभाग को ही भेजने होंगे।

इससे पहले विभागाध्यक्ष अपने स्तर पर नियुक्तियां कर रहे थे। इस पत्र के बाद यह साफ हो गया है कि करुणामूलक भर्ती को लेकर दी गई छूट असीमित नहीं थी। राज्य सरकार ने मौजूद आवेदकों में से पात्र परिवारों को राहत देने के लिए छूट दी थी और अभी से वापस लिया जा रहा है।

Leave a Reply