हिमाचल प्रदेश।।प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के आधा दर्जन से अधिक कंडक्टरों को बैसाखी से पूर्व पदोन्नत का तोहफा दिया है। निगम के आठ कंडक्टरों को सब-इंस्पेक्टर पद पर प्रोमोट किया गया है। सभी पदोन्नत कंडक्टरों में तीन को छोडकऱ बाकि कंडक्टरों को दूसरे डिपुओं में ही प्रोमोशन मिल पाई है।

पदोन्नत कंडक्टरोंं को 10 दिनों के अंदर निर्धारित डिपुओं में ज्वाइनिंग देनी होगी। अगर किसी कर्मचारी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई, तो उनकी पदोन्नति रद्द करके दूसरे कर्मचारी को पदोन्नत किया जाएगा। निगम ने इसकी नोटिफिकेशन मंगलवार को ही जारी की है। बता दें कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने प्रदेश के छह डिपुओं के आठ कंडक्टरों को बैशाखी से पूर्व पदोन्नत किया है।
निगम कर्मचारी भी पदोन्नति से काफी खुश हैं। प्रोमोट कंडक्टरों में धर्मशाला डिपो के अनिल कुमार व प्यार सिंह और मंडी डिपो के राकेश भारती को वर्तमान डिपो में ही सब-इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है, जबकि हमीरपुर डिपो में तैनात कंडक्टर बलवंत सिंह को संसारपुर टैरिस डिपो में, तारादेवी डिपो के पवन कुमार को रिकांगपिओ डिपो में, तारादेवी यूनिट के ही चेतराम को डीएम ऑफिस शिमला में, लोकल यूनिट डिपो के लेखराज को कुल्लू डिपो में और सरकाघाट डिपो के मोहिंद्र सिंह को धर्मपुर डिपो में सब-इंस्पेक्टर पद पर प्रोमोट किया गया है।
बताया जा रहा है कि कंडक्टर पद से पदोन्नत हुए सब-इंस्पेक्टरों को निगम में दो वर्ष ईमानदारी से सेवाएं देने के उपरांत इंस्पेक्टर पद पर प्रमोट किया जाएगा। इनमें से जो कंडक्टर इंस्पेक्टर प्रोमोट होंगे, उन्हें निगम में अगले तीन वर्ष और सेवाएं देने के उपरांत चीफ इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किए जाएंगें। हालांकि जो कंडक्टर दसवीं पास हैं, वे चीफ इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति हासिल नहीं कर पाएंगे। पदोन्नत सब इंस्पेक्टरों को 10300, 34800, 3600 ग्रेड पे ज्वाइनिंग डेट से तुंरत प्रभाव से देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिसूचना जारी
आईएएस संदीप कुमार, मैनेजिंग डायरेक्टर, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बताया कि एचआरटीसी के छह डिपुओं के आठ कंडक्टरों को सब इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को ही इसकी अधिसूचना जारी की है। निगम के प्रोमोट सब इंस्पेक्टरों में तीन को छोडकऱ बाकि को दूसरे डिपुओं में ही पदोन्नत किया गया है। पदोन्नत कर्मचारियों को 10 दिनों के अंदर निर्धारित डिपुओं में ज्वाइनिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
