Spread the love

शिमला : राजधानी शिमला में आकलैंड टनल से लेकर लक्कड़ बाजार तक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत एस्केलेटर व एलीवेटर बनाने का काम शुरू हो गया है। रोपवे कंपनी द्वारा लौंगवुड में इसके लिए डंगे लगाने से लेकर अन्य कार्य शुरू कर दिए हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इस काम को किया जा रहा है। एलीवेटर आकलैंड टनल से लेकर पुलिस चौकी लक्कड़ बाजार तक बनेगा। नगर निगम के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इसके लिए टेंडर भी अवार्ड कर दिए हैं। एलीवेटर व एस्केलेटर बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी।

आकलैंड टनल से लक्कड़ बाजार तक आने वाले स्थानीय लोगों व पर्यटकों को चढ़ाई-उतराई थकाएगी नहीं। लोग आकलैंड टनल से सीधे लक्कड़ बाजार पहुंच सकेंगे। नगर निगम शिमला के आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि इस काम को रोपवे कंपनी कर रही है। कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही जमीन पर इसके काम में तेजी देखने को मिलेगी। पर्यटकों के लिए यह सबसे अहम स्थल शिमला घूमने आने वाले बाहरी राज्यों के पर्यटकों के लिए लक्कड़ बाजार आकर्षण का केंद्र रहता है। आकलैंड टनल से लक्कड़ बाजार पहुंचने के लिए काफी चढ़ाई लगती है। ऐसे में पर्यटक चढ़ाई चढ़ने से कतराते हैं। इससे वे लक्कड़ बाजार घूमने से वंचित रह जाते हैं। इसके अलावा बसों में आने वाले प्रदेश के लोग आइजीएमसी इसी रास्ते से जाते हैं। एलीवेटर लगने के बाद सैलानियों को काफी सुविधा होगी।

राजधानी में अन्य स्थानों पर भी बनाए जाने हैं एस्केलेटर व एलीवेटर

राजधानी में इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी एस्केलेटर व एलीवेटर का काम किया जाना है। लक्कड़ बाजार बस अड्डे से भी रिज तक इसका निर्माण किया जा रहा है। अभी हालत यह है कि इस काम में तेजी तो पिछले दिनों दिखी, लेकिन मलबे के साथ पानी आने के कारण काम फिलहाल रुका है। इसी तरह से विकासनगर में एलीवेटर लगाया जा रहा है। केएनएच में भी एलीवेटर का काम किया जाना है।

Leave a Reply