हिमाचल प्रदेश।हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष यह न समझे कि सरकार मंडी में देश के प्रधानमंत्री के आने का जश्न मना रही है, बल्कि प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री सरकार के Bकार्यों का आंकलन करेंगे। पीएम 27 दिसंबर को मंडी में 11300 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात भी प्रदेश को देंगे। उन्होंने कहा कि यह जश्न नही बल्कि सरकार का एक कार्यक्रम है। उन्होंने कहा वो प्रधानमंत्री के आभारी हैं, जिन्होंने प्रदेश सरकार का न्यौता स्वीकारा और प्रदेश को बड़ी सौगात दे रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा अटल की जयंती मनाने के साथ साथ कुल्लू वासियों को निमंत्रण देने आया हूं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि 27 दिसंबर को मंडी आएं और देश के प्रधानमंत्री को सुनें।

उन्होंने ओमिक्रोन बीमारी पर बोलते हुए कहा कि अभी प्रदेश में एक भी मामला प्रकाश में नहीं आया है लेकिन फिर भी सभी जिलों के उपायुक्तों को ऐसी किसी भी परिस्थिति से निपटने को निर्देश दिए गए हैं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंडी दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी जिला मंडी ने कमर कस ली है। पूरे जोश के साथ पार्टी इस दौरे को सफल बनाने के लिए तैयार है। भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि मंडी के साथ प्रधानमंत्री का शुरू से ही विशेष लगाव रहा है और उनके आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार के गौरवपूर्ण चार वर्ष का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जोकि प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण रहा है, क्योंकि कोरोना जैसे संकट काल में प्रदेश सरकार ने विकास की गति को कभी भी धीमी नहीं होने दिया। प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा और अपनाया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक संकट के इस भयानक दौर में भी प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा। इन चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने शिक्षा,स्वास्थ्य और महिला एवम् सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अनेकों आयाम स्थापित किए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की दूरदर्शी सोच और ईमानदार नेतृत्व ने आज उन्हें सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में स्थापित किया है। चार वर्ष के कार्यकाल के पूर्ण होने के बाद भी आज विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है।
