मंडी।।जहरीली शराब का सेवन करने वाले जांबला के 40 वर्षीय प्रदीप कुमार की शुक्रवार रात मौत हो गई। वह करीब चार माह से उपचाराधीन था। सुंदरनगर पुलिस आज नेरचौक मेडिकल कालेज में फोरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञोंं से प्रदीप कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। सुंदरनगर हलके की सलापड़ व कांगू पंचायत में जहरीली शराब के सेवन से यह आठवीं मौत है। इससे पहले 19 जनवरी को सात लोगोंं की मौत हुई थी। 13 अन्य बीमार हुए थे। प्रदीप कुमार की गंभीर हालत की वजह से वह कई माह आइजीएमसी शिमला में भर्ती रहा।
कुछ माह पहले उसे नेरचौक मेडिकल कालेज को भेज दिया था। वहां से स्वजन प्रदीप कुमार को कुछ दिन पहले घर ले गए थे। शुक्रवार रात उसकी घर में मौत हो गई। जहरीली शराब मामले में पुलिस 29 आरोपितों के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है। 29 से नौ आरोपितों को जमानत मिल चुकी है। एक आरोपित अंतरिम जमानत पर है।
मृतकों की बिसरा व केमिकल टेस्ट लैब की रिपोर्ट में शराब मिलावटी होने की पुष्टि हो चुकी है। शराब के इस खेल में करीब तीन करोड़ का लेनदेन हुआ था। पुलिस ने आरोपितों की एक करोड़ से अधिक की चल अचल संपत्ति फ्रीज की है। ईडी भी मामले की जांच कर रही है। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने जहरीली शराब के सेवन से उपचाराधीन चल रहे प्रदीप कुमार की मौत होने की पुष्टि की है।
