शिमला। जल रक्षक महासंघ की रामपुर इकाई ने अनुबंध अवधि कम करने की जोरदार मांग की है। साथ ही वेतन वृद्धि को लेकर भी जल रक्षकों ने सरकार से गुहार लगाई है। रामपुर इकाई ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महासंघ की उपाध्यक्षा सत्या देवी ने की। बैठक में जल रक्षक की समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत हिमाचल सरकार से इसके समाधान करने की जोरदार मांग की गई, जिसमें महासंघ की ओर से प्रमुख तौर पर जल रक्षकों को महंगाई तथा दिनभर कार्य करने के अनुरुप 9300 रुपए मासिक वेतन देने और अनुबंध में शामिल करने की अवधि बारह वर्षों से कम करके आठ वर्ष करने की मांग की गई।

वहीं माध्यमिक स्तर से कम पढ़े-लिखे या अशिक्षित जल रक्षकों को शिक्षा की शर्त में छूट देकर उन्हें भी अनुबंध में शामिल करने जैसी मांगों को शामिल किया गया है। बैठक में ये भी मुद्दा रहा कि जल शक्ति विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी के चलते जल रक्षक पूरे दिन की सेवायें दे रहे है। वहीं, कोरोना महामारी के दौरान भी जलरक्षकों ने पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी का पालन किया। लेकिन इसके एवज में उन्हें मात्र 3600 रुपए दिए जा रहे हैं। जिससे आज की महंगाई के दौर में परिवार का पालन पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। इस बैठक में सत्या देवी, तारामणीं, धर्मपाल मल्होत्रा, यशवंत सिंह, साहिल कौशल, राजकमल जिष्टू, मेहर सिंह, मस्त राम, अमर सिंह, रमेश कुमार, रूप सिंह लैंतरा, राकेश फांकर, गोपाल के सहित कई अन्य सदस्य भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
