Spread the love

शिमला।।शिमला का ऐतिहासिक रिज दुल्हन की तरह से सज गया है, वहीं यह दुर्ग में भी बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिमला में मंगलवार को रैली से पहले पुलिस और एसपीजी की ओर से माल रोड और रिज मैदान पर रिहर्सल की गई। इस दौरान पुलिस के बड़े अफसर भी शामिल हुए। अधिकारियों ने सुरक्षा का जायजा भी लिया। पीएम के सीटीओ चौक पहुंचने और रोड शो में शामिल होने की सभी तैयारियों को लेकर यह अभ्यास किया गया और इसकी तैयारियां की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।

पीएम के आसपास जो जवान तैनात रहेंगे, उनकी भी अलग से रिहर्सल हो रही है। कोविड प्रोटोकॉल का भी इस दौरान पालन किया जाएगा। सुरक्षा को इतना कड़ा किया जा रहा कि पीएम के पास परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। कुछ जगहों पर पुलिस के स्नाइपर शूटर भी मौजूद रहेंगे, जो हर हरकत पर नजर रखेंगे। वहीं, मंच स्थल पर कुर्सियां भी लगा दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीटीओ से लेकर रिज तक रोड शो में भाग लेंगे और रिज में प्रधानमंत्री का पारंपारिक वाद्य यंत्रों से भव्य स्वागत होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री लाभार्थियों से संवाद करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे।

पांच हजार जवान तैनात, चार सेक्टरों में बांटा शहर
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए शहरभर में करीब 5 हजार जवान तैनात किए गए है और शहर को 4 सेक्टरों में बांटकर 14 ब्लॉक बनाए गए है। प्रत्येक सेक्टर का जिम्मा एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी पर रहेगा। प्रधानमंत्री के भाषण सुनने के लिए जगह जगहों पर स्थापित की गई स्क्रीनों के पास भी सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। रिज और माल पर पुलिस की 6 बटालियन तैनात रहेगी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। अनाडेल से सुबह 7:30 से 1:30 तक यातयात पूरी तरह ठप्प रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से रिज मैदान, माल रोड़, लक्कड़ बाजार और टका बेंच पर पुलिस क्यूआरटी के जवानों को तैनात कर दिया गया है।

मालरोड पर शौचालय का प्रबंध नहीं
एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली और दूसरी ओर भारी तादाद में आ रहे पर्यटकों को शौच आदि जाने के लिए मालरोड पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिज में शौचालय सुविधा के साथ प्रधानमंत्री की रैली को लेकर ई-टॉयलेटस स्थापित कर दिए गए है, लेकिन मालरोड पर बने हुए एकमात्र शौचालय का पिछले तीन चार माह से जीर्णोद्वार किया जा रहा है और यहां ई-टॉयलेटस भी स्थापित नहीं किए है, जिससे मालरोड पर घूमने वाले लोगों सहित सैलानियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के समाजसेवी सुभाष वर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा अभी तक मालरोड के शौचालय का जीर्णोद्वार ही नहीं हो सका है और यहां मालरोड पर शौच जाने के लिए खासतौर पर बुजुर्गों व महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सजाया गया शहर, रिज पर लगीं कुर्सियां
पिछले कई दिनों से शहर को सजाने का काम किया जा रहा है और टायरिंग के अलावा रैलिंग पर पेंट आदि का काम किया गया, वहीं इमारतों को भी चुस्त-दुरूस्त बनाया गया। दीवारों पर पेंट भी किया गया है और स्कैंडल प्वाइंट के अलावा विभिन्न जगहों परं पीएम के भाषण को सुनने के लिए स्क्रीन स्थापित कर दी गई है। रिज और माल रोड पर बैरिकेड्स लगा दिए गए है।
सैलानियों को पेश आ रहीं दिक्कतें
उत्तर भारत में पड़ रही भीष्ण गर्मी से निजात पाने राजधानी का रूख करने आए सैलानियों को रिज व मालरोड पर घूमना-फिरना मुश्किलों भरा हो गया है। यहां प्रधानमंत्री की रैली को लेकर बेरिकेटिंग और कुर्सियां आदि स्थापित की गई है, जिससे सैलानी रिज व मालरोड का सही ढंग से लुत्फ नहीं उठा पा रहे है। वहीं, एंबुलेंस भी रिज से होकर नहीं जा रही है।

Leave a Reply