शिमला।हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और मनाली में नए साल (New Year 2022) के जश्न मनाने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। रिज मैदान और माॅल रोड पर भारी संख्या में लोग जश्न मनाने पहुंचे, लेकिन क्रिसमस के मुकाबले भीड़ काफी कम रही। माना जा रहा है कि कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) के खतरे के चलते क्रिसमस के मुकाबले कम लोग शिमला पहुंचे।

इस सबके बावजूद नए साल के स्वागत के लिए स्थानीय लोग भी काफी संख्या में रिज मैदान पर नजर आए। शहर के अधिकतर होटल भी पैक नजर आए। हालांकि यहां कोरोना नियमों (Corona Guideline) की धज्जियां भी उड़ रही है, क्योंकि बड़ी संख्या में टूरिस्ट कोरोना गाइडलाइंस को फोलो नहीं कर रहे हैं।बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों की बात की जाए तो क्रिसमस के मुकाबले नव पूर्व संध्या पर शिमला में कम गाड़ियां पहुंची। DSP कमल वर्मा ने बताया कि क्रिसमस के दिन शिमला में करीब 5 हजार गाड़ियां आई थीं, जबकि 31 दिसंबर को शाम 5 बजे तक लगभग 3200 गाड़ियां पहुंची थी।

कानून व्यवस्था को लेकर शिमला पुलिस मुस्तैद नजर आई।
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रिज मैदान पर खासी रौनक रही। बढ़ते ओमिक्रॉन के खतरे और कानून व्यवस्था को लेकर शिमला पुलिस मुस्तैद नजर आई।सरकार की ओर से इस वक्त पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्यटकों को नियमों की पालना करने की सलाह दी गई है।शिमला जिला प्रशासन ने नए साल के जश्न के लिए शहर के करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र को 7 सेक्टर में बांटा है, जिसके लिए 7 मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है।शिमला की SP मोनिका भुटूंगरू ने बताया कि नए साल पर साढ़े 300 से ज्यादा पुलिस कर्मी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जिम्मा देख रहे हैं।पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए विशेष अपील की थी कि नियमों में रहकर नए साल का जश्न मनाएं। इस दौरान शिमला पुलिस ने मास्क नहीं पहनने वालों के चालान भी काटे।
