Spread the love

हिमाचल प्रदेश। राष्ट्रीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। पिछले करीब डेढ़ साल में अपनी बेहतर शिक्षण कार्यप्रणाली के चलते एनआईटी हमीरपुर ने पहली बार एआरआईआईए (अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीच्यूशन ऑन इन्नोवेशन अचीवमेंट) की रैंकिंग में जगह बनाकर बड़ी छलांग लगाई है। बता दें कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की तरफ से किए गए अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीच्यूशन ऑन इन्नोवेशन अचीवमेंट की रैंकिंग की जाती है। एआरआईआईए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है। इसमें छात्रों और फैकल्टी के बीच इन्नोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप डिवेलपमेंट से जुड़े इंडिकेटर पर भारत के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान और विश्वविद्यालय की रैंकिंग की जाती है।

जानकारी के मुताबिक एआरआईआईए 2020-21 में देशभर से 674 संस्थानों ने भाग लिया था। अटल इनोवेशन रैंकिंग प्रतिस्पर्धा में देश भर से भाग लेने वाले संस्थानों को पांच श्रेणियों में बांटा जाता है। इनमें एनआईटी हमीरपुर ने पहली बार ही ब्रैंड-प्रॉमिसिंग कैटेगरी में अपना स्थान हासिल किया है। एनआईटी हमीरपुर ने पेटेंट दायर करने, कॉपीराइट डिजाइन, क्वालिटी जांच व एनईपी-2020 की सिफारिशों को लागू करने में बेहतरीन पहल की है। ऐसे ही बेहतर कदमों के चलते एनआईटी हमीरपुर को एआरआईआईए की रैंकिंग में स्थान दिया गया है। जानकारी के अनुसार पिछले मात्र डेढ़ वर्ष में एनआईटी की फैकल्टी व छात्रों ने 11 पेटेंट डिजाइन दायर किए हैं जबकि 40 से अधिक रिसर्च और डिवेलपमेंट प्रोजेक्ट को सिक्योर करने में बेहतर पहल की गई है। अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीच्यूशंस ऑन इनोवेशन अचीवमेंटस में स्थान हासिल होने के बाद इसे एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

एआरआईआईए में होते हैं पांच बैंड

बताते चलें कि एआरआईआईए की रैंकिंग में पांच बैंड होते हैं। इनमें टॉप पर रैंकड़ जिसमें दस संस्थानों को जगह मिली है। उसके बाद बैंड एक्सीलेंट जिसमें 11 संस्थान आए हैं। तीसरे नंबर पर बैंड परफोर्मर जिसमें 19 संस्थान आए हैं। चौथे नंबर पर बैंड प्रोमिसिंग जिसमें एनआईटी हमीरपुर समेत 32 संस्थान आए हैं और सबसे लास्ट पांचवें नंबर पर बैंड बिगनर होता है जिसमें 50 से अधिक संस्थान हैं। दिलचस्प बात यह है कि एनआईटी हमीरपुर ने पहली ही बार बिगनर की जगह बैंड प्रोसिंजिंग में स्थान पाया है।

Leave a Reply