शिमला।। राजधानी शिमला स्थित डेंटल कालेज में चोरी का मामला सामने आया है। डेंटल कालेज में डाक्टर डयूटी रूम नंबर-506 में चोरी की यह घटना पेश आई है। शातिरों ने कमरे में सेंध लगाकर डॉक्टर का लैपटाप, डीएसएलआर कैमरा, डिग्री सहित अन्य जरूरी दस्तावेज को उठाकर ले गया है। यह सारा सामान एक बैग में रखा हुआ था। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टाफ के कुछ कर्मचारियों से भी इस सिलसिले में पूछताछ की गई है।

इसके अलावा कालेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी पुलिस खंगाल रही है, ताकि कोई सबूत मिल सके।चोरी हुए सामान की कीमत एक लाख 10 हजार रुपये के करीब है। लेकिन इसमें डेंटल की डिग्रियां हैं, जो काफी महत्वपूर्ण हैं। यदि यह नहीं मिलती तो विश्वविद्यालय से नए सिरे से इसे बनवाना पड़ेगा। पुलिस को दी शिकायत में डॉक्टर गुलाब शर्मा पुत्र केसरू राम गांव सुनारली तहसील नेरवा जिला शिमला ने बताया कि वह डेंटल कालेज के मैक्सिलोफैबियल सर्जरी विभाग में कार्यरत हैं। बीते रोज वह डयूटी पर थे। डयूटी रूम नंबर 506 में उन्होंने अपना बैग रखा। इस बैग में उनका कैमरा, लैपटाप, डेंटल डिग्री सहित अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल थे।उन्होंने कहा जब वह बैग लेने गए तो बैग वहां से गायब था। उन्होंने आसपास इसे ढूंढा। लेकिन इसका कहीं पर भी पता नहीं चला। जब बैग नहीं मिला तो इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मशीन चुराकर भागा आरोपित गिरफ्तार
शिमला। राजधानी शिमला के पंथाघाटी क्षत्र से शुगरकैन मशीन चुराकर भागे आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान विजय कुमार निवासी गांव बहारड़ी डाकघर नौराधार तहसील संगड़ाह जिला सिरमौर के तौर पर की गई है। यह कसुम्पटी स्थित तारा भवन नियर लक्ष्मी नारायण मंदिर में किराये के कमरे में रहता है। पुलिस ने इसके पास से मशीन भी बरामद कर ली है। बीते 13 जनवरी को यह मशीन चोरी हुई थी। रंजीत सिंह पुत्र सावालिया सिंह, निवासी देवराम वर्मा भवन दोची डाकघर ब्यूलिया ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इस मामले को सुलझा लिया।
