राजधानी शिमला में सोमवार को घटित सड़क हादसे में एसजेवीएन (SJVN) के एक बड़े अधिकारी की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बृजेश कुमार गुप्ता (54) के रूप में हुई है। वह एसजेवीएन के शिमला स्थित शनान कार्यालय में एडिशनल जनरल मैनेजर (Additional General Manager) के पद पर तैनात थे।
उनका परिवार पंचकूला (Panchkula) में रहता है। जानकारी के अनुसार सोमवार को वह ऑफिस टूर से लौट रहे थे कि मेहली-शोघी बाईपास पर आनन्दपुर के समीप उनकी कार HP63B-3989 सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।वहीं शव को खाई से बाहर निकालने में पुलिस को करीब 3 घंटे लग गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी लाया गया है।
बता दें कि बृजेश कुमार गुप्ता एसजेवीएन के वरिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने दिसम्बर 1994 में एसजेवीएन में जॉइनिंग दी थी। उधर, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
