बिलासपुर के कोठीपुरा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में रविवार को प्रदेश के कोविड वैक्सीनेशन कैंपेन में बेहतर सेवाएं देने वाले अधिकारी व कर्मियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस दौरान करीब 12 कोरोना वॉरियर्स स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, नड्डा ने तमाम अतिथियों के साथ एम्स ओपीडी का निरीक्षण करते हुए सुविधाओं का जायजा भी लिया। नड्डा ने कहा कि अगले साल काम पूरा होने के साथ ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के कर कमलों से इसका उद्घाटन करने की बात कही। सम्मान समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने जेपी नड्डा सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया व अनुराग ठाकुर को शॉल-टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।साथ ही आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने मुख्यातिथि सहित अतिथियों को मां श्रीनयनादेवी की चुनरियों से नवाजा। कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उनके बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने मंच से भाषण दिया। अंत में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने विचार प्रकट करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक कार्यों के बारे में बताया। इस अवसर पर सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. राम लाल मारकंडा, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, सचिव स्वास्थ्य अमिताभ अवस्थी, एम्स के अध्यक्ष डा. प्रमोद गर्ग, एम्स बिलासपुर के निदेशक डा. वीर सिंह नेगी सहित विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सब से मिले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा
जैसे ही जेपी नड्डा हेलिकाप्टर के माध्यम से लुहणू खेल परिसर में उतरे, तो उनके स्वागत में सैकड़ों कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा के बीच नड्डा हेलिकाप्टर से गाड़ी तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों द्वारा किए गए पुष्प स्वीकार किए। उन्होंने हेलिकाप्टर से उतरते हुए और गाड़ी में बैठने से पहले हाथ हिलाकर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
प्रेस गैलरी में बैठ गए लोग…
एम्स में आयोजित कार्यक्रम में मंच के साथ प्रेस गैलरी बनाई गई थी। जहां मीडिया कर्मियों के लिए बैठने की व्यवस्था थी। लेकिन, वहां कुछ खाली कुर्सियों पर लोग बैठने के लिए आ गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। जिस पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात कर्मियों ने लोगों का वहां से हटने के लिए कहा। इस बीच लोगों व पुलिस कर्मियों में हल्की बहस भी हुई।
तालियों से गूंजा पंडाल…
अपने भाषण को खत्म करने से पहले केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंच से कहा कि यदि आपको लगता है कि मोदी जी ने 120 करोड़ लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन लगाकर अच्छा काम किया है, तो अपने स्थान पर खड़े होकर तालियां बजाएं, जिसकी गूंज दिल्ली तक जाए। जिस पर पंडाल में बैठे सभी लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाई और पूरा पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। अनुराग ठाकुर ने जय भारत, जय हिमाचल के उद्घोष के बाद अपने संबोधन समाप्त किया।
