हिमाचल प्रदेश। ताजा हिमपात ने सैलानियों को कुल्लू-मनाली-मणिकर्ण की ओर रुख करने की प्लानिंग बनाने को बेबस करना आरंभ कर दिया है। घाटी में इस बार जमकर बारिश-बर्फबारी की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक देखने को मिल रही है। पार्वती घाटी के कारोबारियों को भी अच्छे विंटर सीजन की आस बर्फ से जग रही है। जानकारी के अनुसार घाटी में हुई ताजा बर्फबारी का असर दिखना आरंभ हो गया है। होटल कारोबारियों के अनुसार कई सैलानियों ने घाटी की ओर रुख करने का शेड्यूल बना दिया है तो इनकी आव भगत को कारोबारी तैयार होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार पार्वती घाटी के बरशैणी, मलाणा, कसोल, तोष, मणिकर्ण की ओर सैलानी रुख कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि घाटी की चोटियों पर बर्फ के दिदार के साथ मणिकर्ण में गर्म पानी में डुबकी को लगाने की योजना भी सैलानी बना रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार पहले घाटी में सर्दियों में बिजली, पानी और सड़क की समस्या बहुत परेशान करती थी, लेकिन अब कुछ सालों से इसमें सुधार हुआ है, जिसके कारण यहां पर सर्दियों में आने वाले सैलानियों की संख्या में कुछ इजाफा हो रहा है। हालांकि मनाली की तरह सैलानियों को सुविधा के लिए घाटी में अभी और इंतजार करना होगा। पार्वती घाटी होटल एसोसिएशन के प्रधान ने बताया कि सैलानियों को सर्दी में बेहतर ऑफर भी प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होने बताया कि अच्छी बर्फबारी होने से सैलानियों की संख्या बढऩे के पूरे आसार है।
