प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के ट्राइबल एरिया में तैनात कंडक्टरों को निचले क्षेत्रों में ट्रांसफर के ऑर्डर जारी कर दिए हैं। ये 144 कंडक्टर पिछले चार-पांच वर्षों से ट्राइबल एरिया में अपनी सेवाएं दे रहे थे। निगम के रिकांगपिओ डिपो से 61 और केलांग डिपो से 48 कंडक्टरों को निगम के निचले डिपुओं में ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा निगम के 14 डिपुओं से भी कुछेक कंडक्टर दूसरे डिपुओं में भेजे गए हैं। कंडक्टरों के ट्रांसफर के आर्डर चार दिसंबर को देर शाम जारी किए हैं, ताकि संबंधित कंडक्टर अपने-अपने डिपुओं में ज्वाइनिंग दे सके। बता दें कि निगम ने हाल ही में नए कंडक्टरों को निगम के डिपुओं में ज्वाइनिंग दी थी। इनमें ज्यादातर कंडक्टरों को निगम के ट्राइबल एरिया में भेजा गया था। ट्राइबल एरिया में नए कंडक्टरों की ज्वाइनिंग के उपरांत ही प्रदेश सरकार ने निगम के रेगुलर कंडक्टरों के ट्रांसफर के आर्डर जारी कर दिए हैं। निगम ने 144 कंडक्टरों के ऑर्डर प्रदेश के 29 डिपुओं में किए हैं।
इन डिपुओं को मिले कंडक्टर
कुल्लू डिपो को 17, सरकाघाट डिपो को 14, हमीरपुर, बिलासपुर व सुंदरनगर डिपो को 12-12, मंडी को 11, ऊना डिपो को दस, बिलासपुर डिपो को आठ, तारादेवी डिपो को छह, जोगिंद्रनगर, चंबा व धर्मशाला डिपो को पांच-पांच, लोकल यूनिट शिमला, नगरोटा बगवां और नालागढ़ डिपो को चार-चार, रूरल यूनिट शिमला डिपो व रिकांगपिओ डिपो को तीन-तीन, सोलन डिपो, रामपुर डिपो, रोहडू डिपो, परवाणू डिपो व धर्मपुर डिपो को दो-दो और करसोग डिपो, नाहन डिपो, पालमपुर डिपो, बैजनाथ डिपो, पठानकोट डिपो, केलांग डिपो व देहरा डिपो को एक-एक कंडक्टर दिया गया है।
