नई दिल्ली :IPL 2022 Retention List Update : आईपीएल 2022 से पहले रिटेंशन लिस्ट का इंतजार किया जा रहा है. आईपीएल की आठ पुरानी टीमें ये बताएंगी कि वे अपने स्क्वायड में से कौन कौन से खिलाड़ी रिटेन करने जा रही हैं. इन खिलाड़ियों की संख्या अधिकतम चार हो सकती है. हालांकि टीमें चाहें तो उससे कम या फिर चाहें तो कोई भी खिलाड़ी रिटेन भी कर सकती हैं. ये टीमों के ऊपर है. अभी तक बीसीसीआई ने ये तय किया था कि 30 नवंबर तक टीमों को बताना होगा कि रिटेन होने वाले कौन से खिलाड़ी होंगे. लेकिन अब बताया जाता है कि ये तारीख आगे बढ़ सकती है. खबरें इस तरह की सामने आ रही हैं कि इसे एक हफ्ते तक बढ़ाया जा सकता है.
दरअसल आईपीएल 2022 में दो टीमें बढ़ाई गई हैं, अब टीमों की संख्या दस हो जाएगी. पहले ये तय किया गया था कि 30 नवंबर को रिटेन लिस्ट सामने आने के बाद दो नई टीमें यानी लखनऊ और अहमदाबाद एक दिसंबर से रिलीज किए गए खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ सकती हैं. लेकिन अब दो टीमों में से एक नई टीम का मामला फंस रहा है. इस तरह की खबरें आ रही हैं कि लखनऊ का रास्ता तो पूरी तरह से साफ है, लेकिन अहमदाबाद की टीम के लिए दिक्कत है. क्योंकि अहमदाबाद की टीम को सीवीसी ग्रुप ने खरीदा है, लेकिन अभी तक इस ग्रुप को लैटर ऑफ इंटेंट नहीं मिला है. इसका कारण ये है कि इस ग्रुप का सट्टे यानी बेटिंग से जुड़ी एक कंपनी में भी निवेश है. ये मामला काफी समय से उठ रहा है. यहां तक कि आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भी इस मामले को लेकर टि्वट किया था. अब बताया जा रहा है कि बीसीसीआई इस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद संतुष्ट होने पर ही टीम को लैटर ऑफ इंटेंट दिया जाएगा.
अब मामला फंस यहां गया है कि जब तक अहमदाबाद का लैटर ऑफ इंटेंट नहीं मिल जाता, तब तक ये टीम आगे की तैयारी शुरू नहीं कर पाएगी. न ही अपने पाले में रिलीज किए गए तीन खिलाड़ियों को कर पाएगी. वैसे तो टीमों को इसके लिए 25 दिसंबर तक का वक्त दिया गया था, लेकिन अगर अहमदाबाद की टीम को लैटर ऑफ इंटेंट नहीं मिला तो इस टीम को बराबरी का वक्त नहीं मिल पाएगा. ऐसे में बताया जा रहा है कि रिटेंशन लिस्ट जारी करने की तारीख आगे बढ़ सकती है और जब अहमदाबाद की टीम का मामला सुलट जाएगा, उसके बाद रिटेन लिस्ट सामने आएगी और उसके बाद दोनों टीमों यानी लखनऊ और अहमदाबाद का वक्त मिल जाएगा.
