कुल्लू जिला के पुलिस थाना आनी के तहत व्युंगल पंचायत के कंडागई गांव में एक 31 वर्षीय विवाहित महिला ने पेड़ से फंदा लगा लिया। महिला ने ऐसा क्यों किया इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। वहीं महिला ने खुद पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी है, या उसे यहां किसी ने लटकाया है, यह भी एक पहेली बना हुआ है।
मृतक महिला की पहचान 31 वर्षीय कुशुम कुमारी जिला देलख नेपाल के रूप में हुई है। यह महिला अपने पति के साथ कंडागई गांव में रहते थे और मेहनत मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ शनिवार की रात को कमरे में सोई हुई थी। जब रविवार सुबह पति उठा तो उसने पत्नी को अपने पास बैड पर नहीं पाया। उसने अपने दूसरे साथी को इस बात की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर उसका साथी व्यक्ति के कमरे की तरफ आ रहा था, इसी दौरान उसने रास्ते में एक पेड़ से महिला को लटके देखा। जिसकी जानकारी उसने महिला के पति को दी। सूचना मिलते ही महिला का पति मौके पर पहुंचा और पंचायत प्रधान के अलावा पुलिस को मामले की जानकरी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को पेड़ से उतारा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया, वहीं मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू की। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि महिला ने आत्महत्या क्यों की। पुलिस ने महिला के पति से भी पूछताछ की है।
