शिमला।। पहाड़ों पर भले ही बर्फबारी का दौर थम गया है, लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। शहर में यातायात ठप है।वहीं, पेड़ गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।शुक्रवार देर रात विकासनगर में सड़क पर भारी भरकम पेड़ गिर गया है। इस पेड़ के गिरने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दो गाड़ियां इस पेड़ के नीचे दब गई और गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।इसके अलावा बिजली की तारें भी टूट गई जिसके चलते विकासनगर में बिजली गुल हो गई है।सड़क पर पेड़ गिरने से लोगों को चलने में भी काफी मुश्किल हो रही है।

वहीं, सुबह पेड़ को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और पेड़ को काट कर एक तरफ कर दिया है।बता दें कि क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी गुजरात के पर्यटक की है। बर्फबारी के चलते शनिवार को गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।गाड़ी के मालिक ब्रिजेश भारद्वाज ने कहा कि सड़क किनारे खड़ी कर दी थी और रात को पेड़ गिरा जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।बता दें कि शिमला शहर में दो दिन जम कर बर्फबारी हुई है।जिसके चलते यातायात ठप है और शहर में पेड़ गिर रहे हैं।दो दिन में आधा दर्जन शहर में पेड़ गिरे हैं।जिससे सबसे ज्यादा नुकसान बिजली विभाग को हुआ है।पेड़ बिजली की तारों पर गिरे हैं।जिससे बिजली भी कई हिस्सों में गुल हो गई है।
