शिमला। शिक्षा खंड शिमला द्वारा समग्र शिक्षा अभियान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला छोटा शिमला में किया। समापन समारोह में शहरी विकास आवास नगर नियोजन विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में रह रहे लोगों को पाठशाला के समीप लाना इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्द्ेश्य है, जिससे प्राथमिक के स्तर में गुणवनता लाई जा सके और प्रदेश के जनमानस का रुझान सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ सके। इस कार्यक्रम के तहत अभिभावकों तथा जनप्रतिनिधियों तथा अन्य समुदायों के लोगों को विद्यालय प्रबंधन से जोडऩा तथा पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाना मुख्य उद्देश्य है।उन्होंने कहा कि जिला शिमला में समग्र शिक्षा कार्यक्रम नौ नवंबर से प्रारंभ किया गया था और इस कार्यक्रम को पूरे माह जिला शिमला में 634 प्राइमरी स्कूलों में चलाया गया तथा इस कार्यक्रम के तहत 4210 छात्र एवं छात्राएं लाभान्वित हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 मे मुख्यत: मातृ भाषा को तरजीह दी गई है। इस नीति से सरकारी स्कूलों के स्तर पर गुणात्मक शिक्षा को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत 14वें वित्त आयोग के अनुसार पंचायत प्रतिनिधियों को विद्यालय में विकासात्मक कार्यों के लिए राशि व्यय करने के अधिकार होंगे तथा दिव्यांगजन नियम 2016 के विषय में जानकारी भी इस कार्यक्रम में उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान उन्होंने 9.52 लाख से निर्मित राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला छोटा शिमला में नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन किया तथा उन्होंने विधायक निधि से स्कूल प्रबंधन को पांच लाख देने की घोषणा की तथा नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल को राजकीय केंद्र प्रारंभिक पाठशाला के चारों तरफ सुरक्षा की दृष्टि से स्टील की चादरों को लगाने के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि उच्च विद्यालय कृष्णानगर को स्मार्ट सीटी योजना के तहत आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। राज्य समन्वयक समग्र शिक्षा अंगमो कटवाल द्वारा जिला शिमला में समग्र शिक्षा प्रशिक्षण के विषय में तथा मानक संचालन प्रक्रिया के महत्त्व तथा अनुपालना के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। जिला परियोजना अधिकारी समग्र विकास एवं प्रधानाचार्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान शामलाघाट जयदेव नेगी द्वारा जिला में चलाई गई समग्र शिक्षा प्रशिक्षण की जानकारी दी तथा उपनिदेशक एलिमेंटरी भागचंद चौहान ने जिला शिमला के प्राइमरी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर जानकारी दी। इस दौरान महापौर सत्या कौंडल, उपमहापौर शैलेंद्र चौहान, मंडलाध्यक्ष राजेश शारदा, महामंत्री सुशील चौहान, पूर्व उपमहापौर राकेश शर्मा, स्थानीय पार्षद विदुषी शर्मा, कृष्णानगर पार्षद बिट्टू कुमार, पार्षद खलीणी पूर्णमल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अशोक शर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला छोटा शिमला हिमा शर्मा एवं खंड स्त्रोत समन्वयक शिक्षा खंड शिमला अशोक शर्मा एवं स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान तथा समग्र शिक्षा नीति के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
