औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में नामी लोहा उद्योग ‘एचएम स्टील प्राइवेट लिमिटेड’ में ट्रक चालक की संदिग्ध मौत का समाचार मिला है। चूंकि पीड़ित परिवार मौत की वजह को मारपिटाई बता रहा है, लिहाजा तेजतर्रार डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने खुद घटनास्थल के निरीक्षण का निर्णय लिया।मृतक के परिजनों ने डीएसपी के समक्ष उचित जांच की मांग उठाई थी।
मृतक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर के रहने वाले 35 वर्षीय भूप सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह के तौर पर की गई है। शुरुआती जांच में ये सामने आया कि परिसर में कांटे पर माल की लोडिंग के दौरान चालक की गिरने के कारण मौत हो गई। वीरवार शाम मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पीड़ित परिवार के सदस्य जांच को लेकर डीएसपी को मिलने पहुंचे थे। इसके तुरंत बाद ही डीएसपी रमाकांत ठाकुर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
पीड़ित परिवार ये भी मांग कर रहा है कि फैक्टरी परिसर में लगे सीसी कैमरों को भी खंगाला जा सकता है। इसमें असल वजह सामने आ जाएगी।
बता दें कि ये घटना बीती देर शाम की है। घटनास्थल से मृतक को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज लाया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने कहा कि शुरूआती जांच में मौत की वजह दुर्घटना सामने आ रही थी।
चालक की गिरने के कारण मौत हुई, लेकिन पीड़ित परिवार ने मौत को लेकर संशय जाहिर किया है, लिहाजा वो स्वयं ही घटनास्थल पर जांच के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर सीसी फुटेज को भी खंगाला जाएगा।
