शिमला जिले के जुब्बल इलाके में एक नाले में अपने दोस्त संग नहाते हुए 9वीं कक्षा के एक नाबालिग की मौत हो गई। घटना गुरुवार की है। पुलिस ने शव को नाले से बरामद कर लिया है।
नाबालिग की मौत के बाद क्षेत्र में मातम छाया हुआ है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 15 वर्षीय नरेश नेपाली मूल का था। वह परिवार संग जुब्बल के एक गांव में रहता था। गुरुवार को वह अपने एक दोस्त के साथ नाले में नहाने लगा। नाले के पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने पर नरेश उसमें डूब गया।
मौके पर उसके दोस्त ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास रहने वाले लोग मौके पर भागे। जुब्बल पुलिस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। इसके बाद नाले में डूबे नरेश की खोज की जाने लगी। काफी देर के बाद नरेश का शव नाले से बाहर निकाला गया। जुब्बल के एसएचओ चेतन चौहान ने पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग की मौत डूबने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
