शिमला : दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल (रिपन) में इमेज इंडेक्स मशीन लगेगी। किडनी व स्टोन से लेकर शरीर की हड्डियों की छोटी से छोटी टूट भी इससे साफ दिखाई देगी। इमेज इंडेक्स मशीन पूरे शरीर की तस्वीर दिखाती है। दुर्घटनाओं के दौरान जो मरीज अस्पताल में आते हैं उनके उपचार के लिए यह ज्यादा लाभदायक होगी। मशीन में मरीज के उस पार्ट को डाक्टर साफ देख सकेंगे जिसका आपरेशन होना है। उन्हें यह भी पता चल सकेगा कि हड्डी किस जगह से टूटी है और इसे कैसे जोड़ना है। इससे आपरेशन में आसानी मिलेगी।

दुर्घटना के समय हड्डियों के टूटने के सबसे ज्यादा मामले आते हैं। ऐसे में इस मशीन के लगने से दुर्घटना के समय सबसे ज्यादा मदद मिलेगी। इसी महीने इस मशीन को रिपन अस्पताल के आपरेशन थियेटर में लगा दिया जाएगा। आपात स्थिति में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को यदि आपरेशन की जरूरत पड़ती है तो उनके इलाज के लिए इससे काफी मदद मिलेगी।
रिपन अस्पताल में अभी तक यह मशीन नहीं थी। मरीजों को आइजीएमसी रेफर करना पड़ता था। अब मशीन आने के बाद इस तरह का उपचार रिपन में ही संभव होगा और आइजीएमसी पर बोझ कम होगा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस सप्ताह मशीन फिट की जाएगी, जबकि अगले सप्ताह से यह शुरू हो जाएगी।
दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि मशीन की खरीद हो चुकी है। इसको लगाने के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। जल्द मशीन को स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मशीन के आने से अब इलाज में काफी मदद मिलेगी। वहीं जिन मरीजों को आइजीएमसी रेफर किया जाता था उसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।
