शिमला : भाजपा शिमला शहरी मंडल की बैठक पंचायत भवन में मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, जिलाध्यक्ष रवि मेहता, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिल कश्यप, मंडल महामंत्री सुशील चौहान, गगन शर्मा एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप कश्यप भी मौजूद रहे।

भाजपा सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और कार्यकर्ता ही भाजपा की नींव है। भाजपा प्रदेशभर में महाजनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इस योजना का लाभ नगर निगम शिमला एवं 2022 में होने जा रहे प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोरोना के संकटकाल में जन सेवा की दृष्टि से अद्भुत कार्य किए हैं। कांग्रेस पार्टी ने केवल कोरोना के समय राजनीति की है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भी प्रदेश की अनेक योजनाओं के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्य किए हैं जिसका लाभ आने वाले नगर निगम चुनाव में भाजपा को होगा।
मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा ने कहा कि भाजपा जनता के बीच महासंपर्क अभियान 27 दिसंबर से 31 जनवरी तक चलाएगी। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा जल्द ही भाजपा शिमला मंडल में 91 बूथों पर बूथ समितियों का गठन भी करेगी। भाजपा मंडल में पंच परमेश्वर सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मेहता ने कहा कि शिमला नगर निगम की दृष्टि से शहर के 18 वार्ड नगर निगम में आते हैं सभी में भाजपा जीत का परचम लहराएगी। भाजपा सभी 91 बूथों पर बूथ त्रिदेव एवं पन्ना प्रमुखों से संपर्क करेगी। चार स्थानों पर होगा दिव्य काशी, भव्य काशी का प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट दिव्य काशी, भव्य काशी का सीधा प्रसारण देश में 51000 स्थानों पर होने जा रहा है। शिमला जिले में यह कार्यक्रम चार स्थानों पर होगा। शिमला ग्रामीण में शोघी शिवालय, कसुम्पटी में देवनगर शिव मंदिर, समरहिल में शिवबाड़ी और शिमला शहर में गंज मंदिर में बड़ी स्क्रीन पर कार्यक्रम को सीधा प्रसारित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे जुड़ेंगे।
